रांची
रांची शहर में ठंड का असर अब जानलेवा साबित होने लगा है। ताजा मामला वार्ड नंबर 18 का है, जहां सैन्टेविटा हॉस्पिटल के बगल में एक अज्ञात महिला का शव बरामद किया गया है। शुरुआती अनुमान के अनुसार महिला की मौत अत्यधिक ठंड के कारण हुई है।
स्थानीय लोगों ने सुबह सड़क किनारे महिला को अचेत अवस्था में देखा, जिसके बाद इसकी सूचना पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। महिला की उम्र लगभग 45 से 50 वर्ष के बीच बताई जा रही है, हालांकि अब तक उसकी पहचान नहीं हो सकी है।
पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों की पुष्टि हो पाएगी। फिलहाल शव को सुरक्षित रखकर पहचान कराने की कोशिश की जा रही है। इस घटना ने एक बार फिर कड़ाके की ठंड में बेघर और असहाय लोगों की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।
